कायमगंज। पुलिस ने रेलवे क्रासिंग के पास पशुओं से लदी दो डीसीएम पकड़ी। दोनों डीसीएम को मंडी समिति में लाकर त्रिपाल खोला गया। दोनों वाहनों में 57 पशु ठसाठस भरे मिले। पुलिस ने पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों चालकों को गिरफ्तार कर लिया।
मंडी चौकी प्रभारी केके कश्यप को दो डीसीएम में पशु भरकर ले जाने की सूचना मिली। उन्होंने डीसीएम का पीछा किया। अलीगंज रोड स्थित रेलवे क्रासिंग पर पकड़ लिया। दोनों डीसीएम कब्जे में लेकर मंडी समिति परिसर में खड़ी कर दीं। उन पर बंधा त्रिपाल खोला तो पशु एक दूसरे पर चढ़े थे। कुछ के सिर ऊपर बंधे थे। इससे वे लटके नजर आ रहे थे। पशुओं को उतारकर उनकी गिनती कराई गई।
एक डीसीएम में 40 पशु भरे थे, जिसमें 17 भैंस और 23 उनके बच्चे थे। दूसरी डीसीएम में 17 भैंस भरी थीं। पूछताछ में चालकों ने अपने नाम मोहम्मद अंसार निवासी मोहल्ला दाऊद गिरा शमसाबाद, चांद मोहम्मद निवासी सकीट, एटा बताया है। उन्होंने बताया कि यह पशु टिलियां स्थित नखासे से खरीदकर हाथरस बेचने के लिए ले जा रहे थे। सभी पशु दुधारू हैं। इंस्पेक्टर रामअवतार ने बताया कि पशु दुधारू तो हैं मगर उन्हें क्रूरता पूर्वक भरा गया था। इसलिए दोनों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।