मोहम्मदाबाद (फर्रुखाबाद)। बरेली-इटावा हाईवे पर कार की टक्कर से दीवान सहित दो लोग घायल हो गए। एक की हालत गंभीर होने पर उसको सीएचसी से लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। दूसरी कार में सवार लोग भाग गए। पुलिस ने दोनों कारों को कब्जे में ले लिया।
जनपद मैनपुरी थाना करहल थाने में तैनात दीवान सोमवार को दीवानी रोड मैनपुरी निवासी दोस्त सौरभ राजपूत के साथ कार से पांचाल घाट पर गंगा स्नान करने आए थे। दोनों देर शाम वापस जा रहे थे। बरेली-इटावा हाईवे पर गांव धीरपुर के सामने बेवर की ओर से आ रही दूसरी कार ने सीधी टक्कर मार दी। दीवान हेमंत व सौरभ घायल हो गए। दूसरी कार के सेफ्टी बैग खुल गए। उसमें सवार लोग कार छोड़कर भाग गए। राहगीर की सूचना पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची।
दोनों घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। सौरभ की हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उसको लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। इंस्पेक्टर मनोज कुमार भाटी ने बताया कि दोनों कार को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।