नागरिकता संशोधन कानून बनने पर 20 दिसंबर को बवाल के बाद जुमे की नमाज पर शुक्रवार को खासी सतर्कता रही। शहर भर के संवेदनशील स्थानों पर पुलिस के कड़े बंदोबस्त रहे। मस्जिदों के आसपास नमाज के दौरान पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा। डीएम मानवेंद्र सिंह और एसपी डा. अनिल मिश्र ने शहर का जायजा लिया। शाम तक चौराहे-तिराहे पुलिस के साए में रहे।
शुक्रवार सुबह दस बजे के बाद से ही शहर में पुलिस की सक्रियता बढ़ गई थी। हर चौराहे, तिराहे पुलिस के पहरे में दिखाई दिए। खासकर जामा मस्जिद, बूरा वाली गली, लालगेट, चौक बाजार, पक्का पुल के अलावा तहसील तिराहे पर पुलिस की नाकेबंदी रही। सदर कोतवाल, मऊदरवाजा इंस्पेक्टर पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
सीओ सिटी मन्नीलाल गौंड शहर में घूमते रहे। वह तहसील तिराहा स्थित मस्जिद के पास कई घंटे जमे रहे। नमाज के बाद नमाजी घर को चले गए उसके बाद ही पुलिस बल की तैनाती कम की गई।
नमाज के दौरान डीएम मानवेंद्र सिंह, एसपी डा. अनिल मिश्र शहर में राउंड लेते रहे। वह लालगेट से शहर में प्रवेश हुए, तो घुमना बाजार, चौक होते हुए मऊदरवाजा थाने तक गए। शहर में पूरी तरह से शांति बनी रही।
एलआईयू के दरोगा समेत अन्य स्टाफ भी पूरे दिन शहर में घूमता रहा। खासकर मुस्लिम बहुल इलाकों में विशेष सक्रियता रही। हर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को गुप्त रूप से देते रहे।
कायमगंज में भी नगर व आसपास मस्जिदों में शांतिपूर्ण तरीके से जुमे की नमाज हुई। नागरिकता कानून के विरोध में दो सप्ताह पूर्व फर्रुखाबाद में बवाल हो गया था। इसके बाद हर जुमे की नमाज में पुलिस सतर्कता बरत रही है। नमाज के दौरान कोतवाली का फोर्स पुल गालिब तिराहे पर मुस्तैद रहा। चौकी प्रभारी दिनेश भारती फोर्स के साथ पुल गालिब तिराहे पर डटे रहे।