नवाबगंज। कस्बे में नगर पंचायत द्वारा कराए जा रहे नाला निर्माण के दौरान शनिवार रात बड़ा हादसा बच गया। जेसीबी से खोदाई के समय 11केवी लाइन का एक पोल झुक गया, जिससे तार आपस में टकराकर टूट गए और तेज धमाका हुआ। करीब दो घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही और मजदूरों में भगदड़ मच गई।
मोहम्मदाबाद रोड पर नगर पंचायत द्वारा नाला निर्माण चल रहा है। शनिवार रात करीब नौ बजे पेट्रोल पंप के सामने जेसीबी से नाले की खोदाई की जा रही थी। इसी दौरान जेसीबी से निकली मिट्टी लगने से 11केवी लाइन का पोल झुक गया। एचटी लाइन के तार आपस में टकरा गए और जोरदार धमाके के साथ स्पार्किंग हुई। तार टूटकर नीचे गिरते ही वहां काम कर रहे मजदूर, जेसीबी चालक और स्थानीय लोग डरकर भाग खड़े हुए। उपकेंद्र से वीसीबी ट्रिप होने के बाद स्पार्किंग बंद हुई। दो मिनट बाद ही उपकेंद्र के एसएसओ ने फीडर दोबारा चालू कर दिया, जिससे फिर तेज धमाका हुआ। स्थानीय लोगों ने तुरंत उपकेंद्र को सूचना देकर आपूर्ति बंद कराई।
लाइनमैन अनुरोध कुमार साथी कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने शटडाउन लेकर मरम्मत का काम शुरू किया। गिरे हुए पोल से जंफर अलग किए गए। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद तार जोड़कर बिजली बहाल की जा सकी।
40 परिवारों को शाम तक नहीं मिली बिजली
इस घटना से दो ट्रांसफार्मर बंद हो गए। इसके चलते करीब 40 घरों में रविवार शाम तक बिजली नहीं आई। पेट्रोल पंप मैनेजर पप्पू गंगवार और नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल राजपूत भी मौके पर मौजूद रहे। एसडीओ विद्यासागर ने बताया कि दो ट्रांसफार्मरों को छोड़कर शेष क्षेत्रों में बिजली बहाल कर दी गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पोल सीधा कराकर जल्द ही दोनों ट्रांसफार्मर भी चालू कर दिए जाएंगे।