बिजली पोल में करंट उतर आने से बैल की मौत हो गई जबकि मालिक बाल-बाल बच
गया। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने बैलगाड़ी तिरछी खड़ी कर रोड जाम कर
दिया। इन्होंने नगरपालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इस बीच नंदी सेना
के मुखिया विक्रांत अवस्थी के सदर विधायक का विरोध करने पर सपा नेता से
नोकझोंक हो गई। सूचना पर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ ने इन्हें समझाया।
इससे एक घंटा बाद जाम खुल सका।
थाना मऊदरवाजा के गांव कटरी धर्मपुर
निवासी उदयवीर सिंह बालू उतार कर बैलगाड़ी से बुधवार की सुबह घर जा रहे थे।
नाला मछरट्ठा के पास सड़क पर जलभराव है। यहीं लगे बिजली पोल में करंट उतर
आया। यहां से गुजरते समय बैलगाड़ी में जुते बैल की करंट से मौत हो गई। बैल
मालिक बालबाल बच गया। आसपास के लोगों ने इसकी जानकारी बिजली विभाग के
अफसरों को दी। तो बिजली बंद करा दी गई। कुछ ही देर बाद व्यापार मंडल के
सौरभ भारद्वाज, अंकुर श्रीवास्तव, अनुभव
मिश्रा, सुजीत कश्यप, अनुज चौरसिया
और नंदी सेना के विक्रांत अवस्थी समेत कई दुकानदार मौके पर आ गए। यह
नगरपालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इस बीच विक्रांत अवस्थी ने
सदर विधायक के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इस पर उधर से निकल रहे सपा नेता
कुक्कू चौहान से इनकी नोकझोंक होने लगी। बाद में जैसे तैसे मामला शांत
हुआ।
जाम की सूचना मिलने पर सिटी मजिस्ट्रेट एपी सिंह, सीओ सिटी वाईपी सिंह
के साथ ही पुलिस फोर्स मौके पर जा पहुंचा। सिटी मजिस्ट्रेट ने एसडीओ
शैलेंद्र कटियार और जेई अमित शर्मा को बुला कर पोल के करंट की समस्या को
दूर कराया। सिटी मजिस्ट्रेट ने जाम लगाने वालों को मुआवजा दिलाने जाने का
भी आश्वासन देकर करीब एक घंटे बाद जाम खुलवा दिया।