कायमगंज। गांव कुबेरपुर में हर घर नल योजना के तहत नल से जल आपूर्ति शुरू होते ही व्यवस्था की खामियां सामने आने लगी हैं। पानी की सप्लाई चालू होते ही गांव के कई स्थानों पर पाइपलाइन टूट गई। इससे सड़कों पर कीचड़ फैल गया।इससे लोग परेशान हैं। ग्रामीणों ने कार्यदायी संस्था पर मानकविहीन और जल्दबाजी में काम कराने का आरोप लगाते हुए तत्काल मरम्मत की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार योजना के तहत करीब दो वर्ष पहले टंकी निर्माण व पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़कों की खोदाई की गई थी। लंबे समय तक सड़कें खुदी रहने के बावजूद नल से जल नहीं मिला। हाल ही में मरम्मत के बाद जलापूर्ति शुरू की गई, लेकिन शुरूआत के साथ ही पाइपलाइन जगह-जगह से लीक होने लगी।
बरगद के पास, बासिल, जावेद समेत कई घरों के आसपास पाइपलाइन से लगातार पानी बह रहा है। इससे सड़कों पर कीचड़ फैल गया है और फिसलन बढ़ गई है। गांव में करीब 3300 मतदाता हैं, इसके बावजूद अब तक अनेक घरों में जल कनेक्शन नहीं दिया जा सका है। ग्रामीणों ने बताया कि हफीज खां, मुजीब खां, जावेद, जुबैर समेत दर्जनों परिवारों को योजना का लाभ नहीं मिल पाया है।
अधिशासी अभियंता जलनिगम ग्रामीण साजन कुमार ने कहा कि पेयजल परियोजना ट्रायल पर चालू की जाती है। इससे लीकेज पकड़ में आती और उसे सही कराया जाता। कुबेरपुर यदि पाइपलाइन में लीकेज है तो उसे ठीक कराया जाएगा।
नमाजियों को आवागमन में हो रही परेशानी
ग्रामीण समी खां ने बताया कि मस्जिद के पास दो स्थानों पर पाइपलाइन लीक होने से कीचड़ जमा हो गया है। इससे नमाजियों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। वहीं वाहन चालक भी कीचड़ से बचते हुए निकलने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि जिम्मेदारों को इस समस्या पर गौर कर निदान कराना चाहिए।
अब तक घर में कनेक्शन नहीं हुआ
ग्रामीण अनवर खां ने बताया कि उनके घर में अब तक जल कनेक्शन नहीं हुआ है। कई स्थानों पर चैंबर की पटिया भी धंस गई है। समय रहते मरम्मत नहीं की गई तो बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो सकती है। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर शीघ्र सुधार कराने की मांग की है।