कायमगंज। बिना ई-वे बिल लाखों की ब्रांडेड तंबाकू ले जा रही पिकअप को जीएसटी सचल दल ने पकड़ लिया। पिकअप को मंडी समिति में खड़ा करा दिया गया। पकड़े गए माल पर टैक्स व जुर्माना वसूला जाएगा।
जीएसटी के सचल दल प्रभारी/ एसी रामनरेश सिंह व एसी अभिषेक मिश्रा ने मंगलवार सुबह कंपिल कस्बे के पास लाखों रुपये की ब्रांडेड तंबाकू लदी पिकअप पकड़ी। पिकअप का चालक टैक्स संबंधी कोई भी प्रपत्र नहीं दिखा सका। सचल दल ने पिकअप को मंडी समिति में लाकर मंडी सचिव के सुपुर्द कर दिया।
एसी रामनरेश सिंह ने बताया कि पिकअप में 100 बोरी चूने से खाने वाली तंबाकू के पाउच लदे हैं। माल के भौतिक सत्यापन के बाद कारोबारी से टैक्स व जुर्माना वसूला जाएगा। उन्होंने बताया कि अभी कोई कारोबारी या ट्रांसपोर्टर सामने नहीं आया है। पिकअप में मोनी सादा ब्रांड की तंबाकू लदी है।