शमसाबाद (फर्रुखाबाद)। कायमगंज से फर्रुखाबाद जा रही पिकअप खिनमिनी गांव के सामने प्राइवेट बस से भिड़ गई। इससे पिकअप में सवार पांच यात्रियों की मौत हो गई, जबकि एक महिला घायल हो गई। दुर्घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने रास्ता जाम कर दिया। वे मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग करने लगे। करीब तीन घंटे बाद एसडीएम के समझाने पर रास्ता खुला।
कायमगंज से सवारियां लेकर फर्रुखाबाद की ओर आ रही पिकअप खिनमिनी गांव स्थित पब्लिक स्कूल के पास पहुंचा थी कि फर्रुखाबाद से एटा की ओर जा रही प्राइवेट बस से भिड़ंत हो गई। हादसे में पिकअप में सवार नवाबगंज थाना क्षेत्र के गंगलाऊ निवासी सरला (40) पत्नी महेशचंद्र, कंपिल के पुरौली निवासी, विश्राम (32), अताईपुर निवासी राजेंद्र (30), कप्तान (18) और एक अन्य 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई। जबकि हथियापुर निवासी लालू की पत्नी कांती देवी (35) घायल हो गईं।
हादसा होते ही दोनों वाहनों के चालक अपने वाहन छोड़ कर भाग निकले। चीख पुकार सुन आसपास के लोग जुट गए। ग्रामीणों ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग को लेकर फर्रुखाबाद- कायमगंज मार्ग जाम कर दिया। एसओ मऊदरवाजा सुनील कुमार यादव ने रास्ता खुलवाने की कोशिश की तो लोग नारेबाजी करने लगे और डीएम को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे।
कुछ देर बाद एसडीएम मनोज सिंघल, एएसपी आरबी चौरसिया मौके पर पहुंचे। एडीएम के मृतकों के परिजनों को पांच- पांच लाख रुपये दिलाने क आश्वासन पर तीन घंटे बाद जाम खुल सका।