फर्रुखाबाद। जिलाधिकारी के निर्देश के बावजूद लोहिया अस्पताल में सोमवार सुबह सवा दस बजे तक कोई भी फिजीशियन नहीं बैठा। इससे सैकड़ों महिला-पुरुष मरीज परेशान रहे। महिलाएं जमीन पर ही डाक्टरों के इंतजार में बैठी रहीं।
डीएम मानवेंद्र सिंह ने शनिवार को कार्यभार ग्रहण करने के बाद रविवार को ही सबसे पहले लोहिया अस्पताल का निरीक्षण किया था। इसमें सख्त निर्देश दिए थे कि किसी भी मरीज को दिक्कत नहीं होनी चाहिए। लेकिन जिम्मेदार डाक्टरों के जेहन में यह आदेश नहीं उतरे। डाक्टर सोमवार को भी सवा दस बजे तक अपने कक्ष में नहीं पहुंचे, जबकि ओपीडी में सुबह आठ बजे से ही पर्चा काउंटर पर लाइन लग गई थी। पर्चा बनवाने के बाद मरीज संबंधित डाक्टरों के चैंबर के सामने पहुंचे। इस दौरान डा. मनोज पांडेय, राजेश तिवारी, गौरव मिश्रा और नन्हूमल बैठे थे, जबकि सवा दस बजे तक फिजीशियन के चेंबर खाली पड़े रहे। सैकड़ों महिला-पुरुष मरीज लाइनें लगाकर जमीन पर ही बैठ गए। डाक्टरों की लेटलतीफी से लोगों को खासी दिक्कतें हुईं।
सीएमएस डा. अशोक कुमार ने बताया कि सभी डाक्टर सुबह आठ बजे से राउंड पर होते हैं। भर्ती मरीजों को देखकर दवाई आदि लिखकर उसके बाद ही ओपीडी में आते हैं। इसलिए कुछ देर हो जाती है।