फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ स्थित जिला सहकारी बैंक में चेयरमैन ने तीन वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धि बताई। कहा कि 3.29 करोड़ का घाटा पूरा कर इन दिनों बैंक 1.16 करोड़ रुपये लाभ में है। सदस्य अभियान में लक्ष्य पार करने की सफलता हासिल हुई है। सहकारी समिति जहानगंज व नवाबगंज की भूमि पर पेट्रोलपंप खोलने के लिए प्रस्ताव भेजा गया है।
जिला सहकारी बैंक के संचालक मंडल अध्यक्ष कुलदीप गंगवार ने बताया कि बैंक की कुल 118 बी-पैक्स(सहकारी समतियां) हैं। इनमें 70 समितियां जिले में व 48 कन्नौज में हैं। पहले सपा के हाथों में बैंक होने से मनमाने काम हुए और बैंक घाटे में थीं। संचालक मंडल के सहयोग से तीन वर्ष में चार करोड़ 45 लाख 19 हजार लाभ हुआ। इससे पूरा घाटा पूरा होने के साथ बैंक एक करोड़ 16 लाख 88 हजार रुपये के मुनाफे में पहुंची।
सहकारी समिति जहानगंज व नवाबगंज की भूमि पर पेट्रोलपंप खोलने के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। सभी समितियों को कारोबार बढ़ाने के लिए एक करोड़ रुपये वितरित किया। सदस्यता अभियान में 38,288 नये सदस्य बनाए गए। सहकारी बैंक में सरकारी विभागों का खाता न खुलने के सवाल पर बोर्ड सचिव एमके सिंह ने अपनी कमजोरी स्वीकार की। कहा कि उनकी बैंक 2013-14 में सीबीएस हुई। जबकि अन्य बैंकें पहले ही कंप्यूटराइज्ड हो चुकी हैं। उपाध्यक्ष भूदेव सिंह राजपूत, शैलेंद्र सिंह राठौर, धर्मेंद्र राजपूत, एआर कोऑपरेटिव विजय अग्रवाल मौजूद रहे।