कमालगंज। फर्जी वेंडर बनकर पेट्रोल पंप पर सोलर प्लांट लगवाने एवं सब्सिडी दिलवाने के नाम से मैनेजर से छह लाख 15 हजार रुपये की ठगी कर ली गई। पीड़ित ने एसपी के आदेश पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
थाना क्षेत्र के शेखपुर में स्थित एक पेट्रोल पंप के मैनेजर शिवम शेखर ने प्रतापगढ़ के सिटी कोतवाली आमी सराय निवासी सचिन शर्मा, पवन तिवारी, दीपक शर्मा व रवि शर्मा के खिलाफ एसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज कराया है। कहा कि पेट्रोल पंप पर सोलर प्लांट लगाने के लिए सचिन ने संपर्क किया था।
बताया कि वह इंडियन ऑयल कंपनी में 10 वर्ष से वेंडर हैं। सेल्स ऑफिसर रिषभ अग्रवाल ने पंप का नाम सूची में दिया है। पंप पर सोलर प्लांट लगना है। चार अक्तूबर 2023 को सचिन शर्मा ने मोबाइल नंबर से एक 10 केवी सोलर प्लांट का कोटेशन भेजा।
धनराशि स्थानांतरित करने के लिए फर्म की खाता संख्या भेजी। इसमें फर्म का नाम स्विफ्ट सोलर पावर प्रोजेक्ट लिखा था। इस फर्म में उसने पांच अक्तूबर 2023 को छह लाख 15 हजार रुपये आरटीजीएस से भेज दिए।
सचिन ने बताया कि धनराशि खाते में भेजने के दो दिन के अंदर सोलर प्लांट पंप पर लगा दिया जाएगा। दो लाख 51 हजार रुपये की सब्सिडी 15 दिन के अंदर दिलाई जाएगी। ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। सचिन को बार-बार फोन करने पर 9 अक्तूबर 2023 को एक फर्जी कूटरचित बिल साई फिलिंग स्टेशन के नाम से व्हाट्सअप कर दिया गया।
आरोपी लगातार झूठा आश्वासन देता रहा। जब आरोपी को बार-बार फोन करके सोलर भेजने को कहा तो सचिन व उसके साथियों ने एक साथ फोन पर धमकाया। जानकारी करने पर पता चला कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में कई लोगों ने धोखाधड़ी करके पैसा ठगने का मुकदमा दर्ज करा रखा है। यह लोग गैंग बनाकर कई लोगों से पैसा ठग चुके हैं। प्रभारी थानाध्यक्ष बलवीर सिंह ने बताया कि एसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।