फर्रुखाबाद। मकान पर कब्जा करने के विरोध में मारपीट करने के मामले में कोर्ट में चौकी इंचार्ज नखास सहित पांच के खिलाफ पीड़ित ने याचिका दायर की है।
शहर कोतवाली के मोहल्ला जटवारा निवासी विनय कुमार शुक्ला ने मोहल्ला बूरा वाली गली निवासी भाई कृष्ण कुमार शुक्ला, भाई की पत्नी दीप्ती शर्मा, मोहल्ला बागकूंचा निवासी अमन मिश्रा, घोड़ा नखास चौकी इंचार्ज विद्या सागर तिवारी, दीवान सुनील कुमार यादव के खिलाफ एसीजेएम कोर्ट में याचिका दायर की। इसमें बताया कि अविवाहित होने के दौरान 30 नवंबर 1985 को मां कुसुमलता के नाम से एक प्लाट खरीदा था। उस पर निर्माण भी करा लिया। पांच मार्च 2001 को मां ने उसके नाम पर मकान का बैनामा कर दिया। इसके बाद मां की मृत्यु हो गई।
भाई कृष्ण कुमार इसी बात से रंजिश मानने लगा। वह मकान पर कब्जा करने का प्रयास कर रहा था। 23 फरवरी को चौकी इंचार्ज सहित ये सभी लोग आए और मकान पर कब्जा करने का प्रयास किया। विरोध करने पर लाठी-डंडों से पीटा और जान से मारने की धमकी दी। बचाने आई पत्नी मधु के साथ भी मारपीट की। इस मामले में थाने सहित एसपी को रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया था। कोर्ट ने शहर कोतवाली पुलिस से आख्या मांगी है।