शमसाबाद। कस्बे के मोहल्ला घटियापुर में जलकल विभाग द्वारा डाली जा रही पानी की पाइपलाइन को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है। आरोप है कि विभाग द्वारा फूटी पाइपलाइन ही जमीन में डाली जा रही है। जिसे देखकर मोहल्लेवासियों ने बृहस्पतिवार विरोध जताया और काम रुकवा दिया।
मोहल्ले के बाहरमियां इश्तियाक, अशद, अथर्व, अकील, शरिक, इकरार ने बताया कि जलकल द्वारा पानी की पाइप लाइन डाली गई है। एक बिजली के कनेक्शन पर एक ही पानी का कनेक्शन दिया जा रहा है। जबकि एक घर में कई परिवार रहते हैं, सभी ने अपने-अपने अलग कनेक्शन करने की मांग की और जब उन्होंने पाइपलाइन की गुणवत्ता पर सवाल उठाए तो कर्मचारियों ने अनसुना कर दिया । लोगों का कहना है कि फूटी पाइपलाइन डालने से पानी की सप्लाई बाधित होगी और भविष्य में लीकेज की समस्या बनी रहेगी। इसके बाद विरोध कर लोगों ने काम रुकवा दिया।
वहीं, मुख्य मार्ग पर पाइपलाइन डालने के लिए खोदा गया बड़ा गड्ढा अभी तक खुला पड़ा है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द सही पाइपलाइन डालकर गड्ढा भरने की मांग की है, ताकि किसी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके। जलकल विभाग के एई अमित कुमार ने बताया कि फूटे पाइप की मरम्मत करवाकर क्लैंप लगवा कर पानी की सप्लाई चालू कराई जाएगी और मौके पर पहुंचकर जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।