जटवारा जदीद में लाल पानी आने से लोगों में गुस्सा
फर्रुखाबाद। कोरोना संक्रमण काल में भी नगर पालिका परिषद शहरियों को शुद्ध पानी मुहैया नहीं करवा पा रही है। जटवारा जदीद में सोमवार को भी लाल रंग के पानी की आपूर्ति हुई। यह पानी न तो पीने के मतलब का है और न ही कपड़े आदि धोने के। तमाम परिवार इसी पानी का प्रयोग करने को मजबूर हैं। पालिका की लापरवाही पर लोगों में गुस्सा है।
जटवारा जदीद में रविवार से घरों, गलियों में लगी टोटियों में लाल रंग का पानी निकलना शुरू हो गया है। भारतीय पाठशाला से सेवानिवृत्त पीटीआई गोपीनाथ मिश्र ने बताया कि तमाम परिवार शुद्ध पानी को तरस रहे हैं। नाले में बह रहा छपाई कारखानों का पानी घरों में पहुंच रहा है।
मोहल्ले के ही गोविंद, लालू, रामौतार राजपूत, चंद्रशेखर वर्मा और सचिन राठौर ने भी पालिका की लापरवाही का विरोध किया। उन्होंने कहा कि जिन घरों में सबमर्सिबल नहीं लगा है, उनके परिवार पानी कैसा पी रहे होंगे, यह पालिका को समझना चाहिए। बीते महीने भी 10 दिन तक गंदा पानी पीने को हम लोग मजबूर हो गए थे। यदि शीघ्र लीकेज बंद नहीं की गई, तो मोहल्ले के लोग विरोध करेंगे।
मनिहारी में दस दिन से जलापूर्ति बाधित
शहर के मोहल्ला मनिहारी में दस दिन से पालिका की जलापूर्ति बाधित है। घरों में पानी न पहुंचने से लोग बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं। मोहल्ले के राजेश सिंह ने बताया कि मोहल्ले को लोगों ने नगर पालिका में शिकायत की, मगर किसी ने ध्यान नहीं दिया।