फर्रुखाबाद। जनपद में वृद्धावस्था पेंशन के लाभार्थियों का अब तक सत्यापन पूरा न होने से 61 हजार बुजुर्गाें की पेंशन लटकी है। इनमें 9798 नए लाभार्थी भी पेंशन की पहली किस्त की आस लगाए हैं।
गत वित्तीय वर्ष में वृद्धावस्था पेंशन की किस्त जिले के 51477 बुजुर्गों के खाते में भेजी गई है। जबकि नौ हजार 798 लाभार्थियों को नए वित्तीय वर्ष से पेंशन का लाभ मिलना था। इससे वृद्धावस्था पेंशन के कुल 61 हजार 275 लाभार्थी हैं। इन्हें अप्रैल से जून तक पेंशन की पहली किस्त आने की उम्मीद थी। वहीं शासन से समाज कल्याण विभाग को लाभार्थियों का सत्यापन कर रिपोर्ट भेजने के आदेश दिए गए। इस वित्तीय वर्ष के तीन माह पूरे होने के साथ जुलाई के 10 दिन अधिक हो चुके हैं। लाभार्थियों का सत्यापन पूरा न होने से बुजुर्गों को पेंशन की किस्त जारी नहीं हो सकी है। इस बीच अप्रैल से अब तक करीब 850 बुजुर्ग पेंशन के लिए आवेदन कर चुके हैं। अभी इनकी जांच होना बाकी है। समाज कल्याण अधिकारी रेनू ने बताया कि सत्यापन अंतिम दौर में है। सभी ब्लाकों से सत्यापन रिपोर्ट आने के बाद पूरा डाटा शासन को भेज दिया जाएगा। इससे जुलाई के अंतिम सप्ताह में पेंशन की किस्त जारी होने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी जिलों में सत्यापन चल रहा है। सत्यापन पूर्ण होने के बाद शासन से एक साथ पेंशन जारी की जाएगी।