नहीं कटेगा पीपल, सड़क क्रास कर बनेगा नाला
फर्रुखाबाद। ढिलावल गांव में नाला खुदाई के बीच में आ रहा पीपल का पेड़ अब नहीं कटेगा। पुलिया बनाकर सड़क के दूसरी ओर नाला बनाया जाएगा। बुधवार को नगर पालिका ने जेसीबी से नाला खुदाई का काम शुरू करा दिया।
शहर के ठंडी सड़क, राजीवगांधीनगर, औद्योगिक क्षेत्र आदि मोहल्लों का पानी निकालने के लिए देवरामपुर से नगला खैरबंद, ढिलावल होकर बघार तक नाले की खुदाई का काम चल रहा है। बुधवार सुबह पालिका की जेसीबी ने ढिलावल में खुदाई का काम शुरू किया।
इस पर सामने पीपल का पेड़ आ गया। ग्रामीणों ने पीपल न काटने की बात कही, मगर वह बीच में होने से बचाया नहीं जा सकता था। ग्रामीण मानने को नहीं तैयार थे।
सूचना पाकर सीडीओ एम. अरून्मोली, ईओ रविंद्र कुमार, बढ़पुर बीडीओ समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। सीडीओ ने ग्रामीणों की बात सुनी। ग्रामीणों ने कहा कि नाला आगे भी सड़क के दूसरी ओर ले जाना पड़ेगा। पर्यावरण की दृष्टि से पीपल काफी महत्वपूर्ण है। लिहाजा उसे नहीं काटा जाना चाहिए।
सीडीओ ने अधीनस्थों को निर्देश दिए कि पीपल के पेड़ से पहले ही नाले को सड़क के दूसरी तरफ कर दिया जाए। यहां एक पुलिया का निर्माण करवा दें। इससे ग्रामीणों की समस्या का समाधान हो जाएगा। सीडीओ के निर्देश के बाद ग्रामीणों ने सहमति दे दी। जेसीबी से नाला खुदाई का काम शुरू करवा दिया गया।