कायमगंज। कड़ाके की ठंड बढ़ने के साथ ही सीएचसी की ओपीडी में निमोनिया के लक्षण से पीड़ित व सांस के अलावा सीने में दर्द के मरीजों की संख्या बढ़ी है। इनमें ज्यादातर बच्चे व बुजुर्ग शामिल हैं। शनिवार को ओपीडी में ठंड की चपेट में आने से पीड़ित मरीजों की संख्या करीब दो दर्जन से अधिक रही।
कई दिनों से कड़़ाके की ठंड पड़ने से लोग बीमार पड़ने लगे हैं। इनमें से ज्यादातर को सांस लेने में परेशानी है। बच्चों में निमोनिया का असर भी देखने को मिल रहा है। एक सप्ताह से सीएचसी की ओपीडी में सांस व निमोनिया के लक्षण से पीड़ित मरीजों की संख्या में इजाफा दर्ज किया गया है। खुजली के मरीज भी बढ़ रहे हैं।
शनिवार को ओपीडी में आने वाले मरीजों की संख्या करीब 350 से अधिक रही। इनमें करीब दो दर्जन से अधिक मरीज सांस, दमा, खांसी, सीने में जकड़न, पेट दर्द से पीड़ित आए। चिकित्सकों ने बताया कि ठंड की वजह से मरीजों में सर्दी के साथ-साथ निमोनिया के लक्षण देखने को मिल रहे हैं। बुजुर्ग लोगों में सांस लेने की तकलीफ व सीने में दर्द की समस्या बढ़ी है। ठंड की वजह से बच्चे भी निमोनिया की चपेट में आ रहे हैं।
सीएचसी के डॉ अमरेश कुमार ने बताया कि ठंड बढ़ी है। बुजुर्ग व बच्चों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। ऐसे में हृदय रोगियों की परेशानी बढ़ जाती है। ऐसे मरीज रोजाना आ रहे हैं। इनमें सीने में दर्द, हाई ब्लड प्रेशर, ह्रदय रोग के अलावा सांस रोगी शामिल हैं। मरीज की हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया जाता है। बताया कि सर्दी में बुजुर्गाें और हृदय रोगियों को सुबह नहीं निकलना चाहिए। सामान्य मरीज का इलाज किया जा रहा है।