कानपुर रोड पुलमंडी के पास सड़क में गड्ढे में भरा पानी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सड़कों को गड्ढामुक्त करने के योगी के फरमान पर जिले के अधिकारी खरे नहीं उतरे। 15 जून को समय सीमा बीतने के बाद भी शहरी और ग्रामीण क्षेत्र की कई सड़केंगड्ढामुक्त नहीं हो सकीं। मंडी समिति की सड़कों के गड्ढे न भरने पर जिलाधिकारी ने सचिव को नोटिस जारी किया है। पंचायत विभाग का काम धीमा होने और नगर पालिका सदर से रिपोर्ट न आने पर जिलाधिकारी ने चेतावनी नोटिस दिया है।
जिले में पीडब्लूडी, मंडी समिति, नगर पालिका सदर, जिला पंचायत, नगर पंचायत को सड़कों को गड्ढामुक्त कराने की जिम्मेदारी दी गई थी। शासन से निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद भी जिले की कई सड़कें अभी तक गड्ढों से मुक्त नहीं हुई है।
जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों से इस संबंध में रिपोर्ट मांगी थी। पीडब्लूडी विभाग ने लगभग लक्ष्य के अनुसार सड़क को गड्ढामुक्त कराने के काम को पूरा करा देने की डीएम को रिपोर्ट भेजी है। जिला पंचायत विभाग की जेई कई दिन से अनुपस्थित चल रही हैं।
इस कारण पंचायत विभाग की ओर से सड़कों को गड्ढामुक्त कराने का काम पूरा नहीं हो सका। नगर पालिका सदर ने सड़कों को गड्ढामुक्त कराने की रिपोर्ट डीएम को नहीं भेजी है। कुछ अन्य नगर पंचायतों से भी अभी तक इसकी रिपोर्ट डीएम को नहीं दी गई है।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि पंचायत विभाग और नगर पालिका सदर के अधिकारी को चेतावनी नोटिस जारी किया गया है। मंडी सचिव को सड़क गड्ढामुक्त न कराने पर नोटिस दिया है। जहां से अभी तक रिपोर्ट नहीं आई है। उन विभागों के अधिकारियों को तत्काल रिपोर्ट देने का आदेश दिया है।