रेलवे स्टेशन पर एक नंबर प्लेटफार्म पर यात्रियों की भीड़।
- फोटो : बैठक में निर्देश देते डीएम शिवशरणप्पा व मौजूद एसपी अरूण कुमार सिंह ।
फर्रुखाबाद। उन्नाव में गंगा पुल पर मरम्मत का काम शुरू होने के कारण स्थानीय स्टेशन से गुजरने वाली कई ट्रेनें निरस्त हुई हैं। बुधवार शाम लखनऊ पैसेंजर नहीं भेजी गई, जबकि उत्सर्ग को अंतिम बार रवाना किया गया। ऐसे में कानपुर, लखनऊ जाने वाले यात्रियों का बस अड्डा पर दबाव बढ़ गया। पांचाल घाट पुल बंद होने से फिलहाल लखनऊ की हरदोई होकर बस सेवा भी बंद चल रही है।
रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की दिक्कतें शुरू हो गई हैं। छपरा से फर्रुखाबाद आने वाली एक्सप्रेस ट्रेन बंद कर दी गईं। कासगंज से लखनऊ जाने वाली पैसेंजर ट्रेन रद्द हो गई। लिहाजा शाम पांच बजे ट्रेन की आस में बड़ी संख्या में यात्री स्टेशन पर पहुंचे, लेकिन निरस्त होने की सूचना सुनकर मायूस लौट आए।
कन्नौज, कानपुर व लखनऊ जाने वाले लोगों ने बस अड्डा की ओर रुख किया। पांचाल घाट पुल पर मरम्मत कार्य के चलते फिलहाल लखनऊ की हरदोई होकर सीधी बस सेवा भी बंद चल रही है। ऐसे में यात्री बसों से कानपुर की ओर रवाना हुए। रेलवे स्टेशन पर गुरुवार से यात्रियों को और अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
फर्रुखाबाद-छपरा, बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर-बांद्रा टर्मिनस, लखनऊ-बांद्रा टर्मिनस-लखनऊ एक्सप्रेस भी फर्रुखाबाद होकर नहीं चलेगी। इसी तरह पाटिलपुत्र-उदयपुर-पाटिलपुत्र हमसफर एक्सप्रेस ट्रेन भी निरस्त की गई है। सबसे ज्यादा दिक्कत लखनऊ जाने वाले यात्रियों को उठानी पड़ रही है।
-
एक बस पांचाल घाट पुल के दूसरी तरफ खड़ी की गई है। वह बस सुबह सात बजे लखनऊ के लिए रवाना होती है। यदि पुल पर कर्मचारी बस को निकलवा देते हैं, तो सुबह जल्दी बस अड्डा से लखनऊ रवाना होती है। यात्री यदि बढ़ेंगे, तो बसें भी बढ़ाने पर विचार किया जाएगा। - गौरीशंकर, वरिष्ठ केंद्र प्रभारी