नवाबगंज। प्रेम विवाह के बाद पति के घर पहुंची युवती के माता-पिता ने थाने में शिकायत की। इसके बाद पुलिस युवती और उसके पति को थाने ले आई। वहां युवती ने पति के ही साथ जाने की इच्छा जाहिर की। पुलिस ने कागजी कार्रवाई के बाद युवती को उसके पति के साथ भेज दिया।
बिहार के जनपद जमुई के गांव अनिमारा थाना कुदरा निवासी मुनीश्वर दयाल की पुत्री सोनी अपनी बहन रीना देवी के साथ गुजरात के सूरत में प्राइवेट कंपनी में नौकरी करती थी। वहां उसकी दोस्ती नवाबगंज थाने के गांव नगला दिलारा निवासी अर्जुन राजपूत से हो गई। अर्जुन ने सोनी से सूरत में ही किसी मंदिर में शादी कर ली। कुछ दिन रहने के बाद सोनी अपने घर चली गई। उसके माता-पिता को शादी पसंद नहीं थी। उन्होंने इसका विरोध किया। तीन दिन पूर्व सोनी घर में किसी को बगैर बताए गांव नगला दिलारा स्थित अपने पति अर्जुन के पास पहुंच गई। पीछे से उसके माता-पिता और बहन भी नवाबगंज थाने पहुंचे। उन्होंने मामले की शिकायत की।
पुलिस अर्जुन और सोनी को नगला दिलारा गांव से नवाबगंज थाने ले आई। वहां सोनी ने अपने आप को बालिग बताया और पति अर्जुन के साथ रहने की बात कही जबकि मां-बाप उसे अपने साथ ले जाने के लिए काफी देर तक प्रयास करते रहे लेकिन सोनी की जिद के सामने किसी की न चली। थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि युवती को उसके पति के साथ भेज दिया गया है।