फर्रुखाबाद। मेडिकल स्टोर कर्मी की हत्या में पुलिस ने प्रेमिका, उसके माता-पिता व भाई-भाभी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। 19 सितंबर की रात प्रेमिका के साथ उसके ही घर में पकड़े जाने पर मेडिकल स्टोर कर्मी युवक की हत्या की गई थी।
कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला जटवारा निवासी सुमित माथुर की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। गांव जौंरा के पास खेत में सुमित का शव 22 सितंबर को बोरे में मिला था।
पुलिस ने मां की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया था। सुमित का मोबाइल भी मौके पर नहीं मिला था।
सर्विलांस से सुमित के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल निकाली गई। इसमें सुमित की लोकेशन मोहल्ले की निशा के घर पर मिली थी। पुलिस ने निशा को हिरासत में लिया।
निशा ने पूछताछ में सुमित से प्रेम प्रंसग की बात स्वीकार कर ली। बताया कि सुमित 19 सितंबर को उससे घर में मिलने आया था।
इसी दौरान पिता ईद मोहम्मद, मां अनीशा, भाई इरशाद, भाभी रूबीना ने सुमित को पकड़ लिया था। उसकी घर में ही गला दबाकर हत्या कर दी और उसके शव को बोरे में बंद करके खेत में फेंका था। निसा के परिजनों ने बताया कि वह सुमित को कई बार समझा चुके थे।
इसके बाद भी वह बेटी से मिलना बंद नहीं कर रहा था। एसपी अशोक कुमार मीणा ने पुलिस लाइन सभागार में पूरे मामले की जानकारी देते हुए खुलासा किया।
बताया कि प्रेमिका निशा के घर से मेडिकल स्टोर कर्मी की चप्पल व शव को खेत तक फेंकने के लिए इस्तेमाल की गई बाइक बरामद कर ली।