शमसाबाद। ढाई घाट पर जगह को लेकर पंडों और प्रधान के पुत्र के बीच विवाद हो गया। गुस्साए पंडों ने हंगामा करते हुए प्रधान के पुत्र पर धन उगाही के आरोप लगाए। विरोध के बावजूद कई पंडों को जगह नहीं मिल सकी।
ढाई घाट पर लगने वाले मेला रामनगरिया को लेकर पंडे गंगातट पर अपने-अपने घाट लगा रहे हैं। इसके लिए उन्हें जगह भी दी जा रही है। सोमवार को जगह को लेकर कुछ पंडों ने हंगामा कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधान के पुत्र अपने चहेते लोगों को रुपये लेकर जगह मुहैया करवा रहे हैं। एक ही परिवार के चार सदस्यों को 40 मीटर जगह दे दी गई। जानकारी मिलने पर कासिमपुर तराई प्रधान हेमलता के पुत्र समर्थकों के साथ ढाई घाट पहुंचे। उनकी पंडों से नोकझोंक होने लगी।
मामला बढ़ता देख प्रधान के पुत्र समर्थकों के साथ लौट गए। पंडा सहदेव, केशव, राधा देवी, अंकित कुमार, गुलशन कुमार, रामअवतार, रिंकू व गौरव ने प्रधान पुत्र पर आरोप लगाया की घाटों के नाम पर वह धन उगाही कर रहे हैं। रुपये न देने के चलते उन्हें जगह नहीं दी जा रही है। अभी भी करीब 12 पंडों को जगह नहीं मिल सकी है।
इस संबंध में प्रधान हेमलता ने बताया कि घाटों पर पंडों से कोई पैसा नहीं लिया जा रहा है। वह लोग उनके पुत्र पर गलत आरोप लगा रहे हैं। ग्राम विकास अधिकारी देव शर्मा ने बताया ढाई घाट पर लगने वाले मेले में किसी भी प्रकार की वसूली नहीं की जाएगी। न ही घाटों पर पैसा वसूला जाएगा।