नवाबगंज। बीडीसी सदस्य सीटों से नामांकन कराने वाले प्रत्याशियों में नवाबगंज क्षेत्र के दो और मोहम्मदाबाद ब्लाक क्षेत्र के पांच प्रत्याशियों के नामांकन पत्र खारिज कर दिए गए हैं। नवाबगंज में एक सपा नेता के पुत्र का एआरओ से विवाद हो गया। कहासुनी बढ़ने पर वहां मौजूद अधिकारियों ने विवाद को शांत कराया। वहीं जिला पंचायत सदस्य के सभी पर्चे वैध पाए गए।
नवाबगंज के रहने वाले गिनेश वर्मा ने वार्ड संख्या 31 से बीडीसी सदस्य पद के चुनाव के पर्चा भरा था और आकाश ने वार्ड संख्या 35 से पर्चा दाखिल किया था। इन दोनों प्रत्याशियों के पर्चों की जांच में आयु कम निकली। इस कारण आरओ डीआईओएस भगवत पटेल ने दोनों के पर्चे खारिज कर दिए।
वहीं, एक सपा नेता के पुत्र ने एक अन्य प्रत्याशी के प्रस्ताव के नामांकन पत्र में फर्जी हस्ताक्षर होने का आरोप लगाते हुए एआरओ जितेंद्र बहादुर को आपत्ति दी। आपत्ति न लेने पर सपा नेता के पुत्र और एआरओ के बीच विवाद होने लगा। मामला बिगड़ता देख वहां मौजूद अफसरों ने विवाद शांत कराया।
वहीं मोहम्मदाबाद ब्लाक के आरओ एमएम हसन ने बताया कि जांच के दौरान पांच बीडीसी सदस्य प्रत्याशियों के पर्चे खारिज हुए हैं। जिला पंचायत सदस्य के सभी पर्चे जांच में सही पाए गए। मोहम्मदाबाद विकास खंड से 102 और नवाबगंज विकास खंड में 84 उम्मीदवार मैदान में हैं।