अमृतपुर। राजेपुर ब्लाक के मतगणना स्थल पर प्रत्याशी व एजेंटों की भीड़ देखकर जिलाधिकारी भड़क गए। उन्होंने तहसीलदार व बीडीओ को कड़ी फटकार लगाई। पुलिस ने डंडा फटकारकर भीड़ को बाहर निकाला।
जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह व पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने दोपहर करीब 12:15 बजे राजेपुर के रामनिवास महाविद्यालय स्थित मतगणना स्थल का निरीक्षण किया। कक्षों में चल रही मतगणना का जायजा लिया। टेबलों के पास एजेंट व प्रत्याशियों की भीड़ देख डीएम भड़क गए। उन्होंने तहसीलदार संतोष कुशवाह व बीडीओ गगनदीप सिंह को कड़ी फटकार लगाई।
कहा कि प्रत्याशी या एजेंट में से एक कक्ष के अंदर रहेगा। जिलाधिकारी के आदेश पर पुलिस कर्मियों ने डंडे फटकार कर भीड़ को बाहर निकाला। डीएम ने निर्देश दिए कि टेबल पर एक ही एजेंट रहेगा। वहीं एजेंट व प्रत्याशी को निकाले जाने से गुस्साए जिला पंचायत पद के प्रत्याशियों ने डीएम से कहा कि चक्रवार मतगणना की सूचना दी जाए। इस पर डीएम नाराज हो गए और सभी को बाहर निकलवा दिया।
नाराज प्रत्याशियों ने मनमानी तरीके से मतगणना कराने का आरोप लगाया, इस पर उनकी डीएम से नोकझोंक हो गई। मामला तूल पकड़ता देख डीएम ने प्रत्याशियों को चक्रवार मतगणना की जानकारी दिलाने का आश्वासन दिया। तब मामला शांत हुआ।
बीडीओ से प्रत्याशियों का हुआ विवाद
मतगणना टेबलों पर भीड़ अधिक होने से बीडीओ लोगों को बाहर निकाल रहे थे। तभी प्रधान व जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशियों ने इसका विरोध किया। इसको लेकर बीडीओ से विवाद हो गया। प्रत्याशियों ने आरोप लगाया है कि कर्मचारी कमरों में घूमकर अव्यवस्था फैला रहे हैं। उनको क्यों नही रोका जा रहा है। काफी देर तक विवाद होता रहा। पुलिस के पहुंचने पर मामला शांत हुआ।