फोटो-31, सड़क किनारे बने भवन को तोड़ती जेसीबी। संवाद
फर्रुखाबाद। पांचाल घाट बंधा पर सड़क चौड़ीकरण के लिए अतिक्रमण हटाने का काम अब अंतिम दौर में है। ठेकेदार के अनुसार जब तक बिजली के खंभे शिफ्ट नहीं होते, तब तक चौड़ीकरण का काम शुरू नहीं हो सकेगा।
रविवार को जेसीबी से भवनों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई जारी रही। इटावा-बरेली हाईवे से दुर्वासा ऋषि आश्रम तक जाने वाली लगभग दो किलोमीटर लंबी सड़क पर करीब 80 प्रतिशत अतिक्रमण हटाने का काम पूरा हो चुका है। अधिकांश लोग अपने भवन और आश्रम स्वयं तोड़ चुके हैं। स्थानीय साधु-संतों ने भी निजी जेसीबी मंगवाकर सड़क किनारे बने निर्माण हटवा दिए।
ठेकेदार ने बताया कि चौड़ीकरण का काम तब शुरू होगा जब बिजली विभाग खंभों को शिफ्ट कर देगा। विद्युत विभाग के जेई विजय शंकर ने कहा कि यदि ऐसा है तो उच्च अधिकारियों के निर्देश पर जल्द पोल शिफ्टिंग का काम शुरू कर दिया जाएगा।