नवाबगंज। अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार पल्लेदार की मौके पर मौत हो गई। दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको सीएचसी पर भर्ती कराया गया है।
थाना क्षेत्र के गांव दौलतपुर निवासी पल्लेदार शिवशंकर उर्फ भूरे (44) गांव के रिंकू(30), रजत (25) के साथ संकिसा स्थित कोल्ड स्टोरेज में काम करते हैं। तीनों रविवार रात बाइक से घर वापस आ रहे थे। थाना मेरापुर गुठिना मोड़ के पास रविवार देर रात अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। शिवशंकर उर्फ भूरे की मौके पर ही मौत हो गई। रिंकू व रजत घायल हो गए। चालक वाहन को तेजी से भगाकर ले गया।
राहगीर की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। वहां दोनों की हालत देखकर डॉक्टर ने लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। लोहिया अस्पताल में दोनों की हालत में सुधार नहीं होने पर उनको सैफई रेफर कर दिया गया। शिवशंकर के शव को भी सीएचसी में रखवा दिया गया। जानकारी पर पत्नी कमलेश, पुत्री पायल, पलक, पुत्र आर्यन दहाड़े मारकर रो रही थी। दो माह की बेटी निहारिका मां की गोद में बिलख रही थी। पुलिस ने मौके पर जांच कर शव को पोस्टमार्टम के भेज दिया।