फर्रुखाबाद। कासगंज की ओर जा रहे पैसेंजर ट्रेन से तड़के एक अधेड़ की कटकर मौत हो गई। उसके हाथ का काफी हिस्सा गायब हो गया। करीब पांच घंटे बाद हरसिंहपुर गोवा स्टेशन की तरफ 100 मीटर दूर सिर बरामद हो गया। जीआरपी ने जांच की। थाना पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शिनाख्त का प्रयास किया।
मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गांव हथियापुर निवासी दुन्ने खां नमाज पढ़ने के बाद टहलने के लिए खेतों की तरफ निकले। नट नगला के पास पटरी पर एक 45 साल के अधेड़ को कटी अवस्था में पड़ा देखा। उससे कुछ पहले ही कासगंज की ओर एक पैसेंजर ट्रेन निकली थी। सूचना पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।
शव के हाथ का एक बड़ा हिस्सा और सिर गायब था। इससे कुछ लोग हत्या कर शव फेंकने की आशंका जताने लगे। कुछ देर बाद ही फर्रुखाबाद से कासगंज जा रही मालगाड़ी पहुंची, तो उसे खड़ा किया गया। गार्ड और चालक ने ग्रामीणों की मदद से शव को पटरी के बाहर निकाला। इसके बाद जीआरपी मौके पर पहुंची।
सूचना मिलने पर मऊदरवाजा थाना पुलिस भी पहुंच गई। काफी प्रयास के बाद शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। मृतक कत्थई पैंट और काली टीशर्ट पहने है। घटना के करीब पांच घंटे बाद हरसिंहपुर गोवा स्टेशन की ओर करीब 100 मीटर दूर सिर भी बरामद हो गया। इससे आशंका है कि सिर ट्रेन में फंसकर वहां पर गिरा होगा। पुलिस शव की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।