पुलिस प्रशासन ने कानपुर रोड पर 12 घंटे रूट डायवर्जन की व्यवस्था की है। इसके चलते लोगों को दूसरे मार्गों से होकर गुजरना पड़ेगा। भरत मिलाप के कार्यक्रम में बारह थानेदार फोर्स के साथ तैनात किए गए हैं। यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए प्रभारी को टीम के साथ लगाया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक त्रिभुवन सिंह ने बताया कमालगंज में भरत मिलाप के कार्यक्रम के चलते सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मेरापुर थानाध्यक्ष को छोड़कर सभी थानेदारों को फोर्स के साथ वहां ड्यूटी पर लगाया गया है।
यातायात प्रभारी को पूरी टीम के साथ वहां तैनात किया गया है। शुक्रवार शाम चार बजे से शनिवार सुबह चार बजे तक कानपुर की ओर जाने वाले वाहनों को शेखपुर व रजीपुर के मार्ग पर डाइवर्ट करके निकाला जाएगा। छोटे वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी जाएगी। मुख्य मार्ग पर कार्यक्रम के चलते यह व्यवस्था की गई है।
इसको लेकर मातहतों को कड़े दिशा निर्देश दिए गए हैं। जिला जेल चौराहे से लेकर रजीपुर चौराहे पर जगह-जगह बैरियर लगाए जाएंगे। सभी बैरियर पर एक दरोगा व पांच सिपाही तैनात किए जाएंगे। इसको लेकर एएसपी ने सभी सीओ के साथ बैठक करके रूपरेखा तैयार कर ली है।