फर्रुखाबाद। रिटायर सैनिक पति के साथ मोपेड से अस्पताल आते वक्त वृद्धा को ट्रक ने कुचल दिया। इससे उनकी मौत हो गई। गुस्साए लोगों ने आधा घंटे तक जाम लगाए रखा। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर लोहिया अस्पताल भेजा। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। चालक भाग गया। घटनास्थल पर विधायक नागेंद्र सिंह ने पहुंचकर जानकारी हासिल की।
मोहम्मदाबाद कोतवाली के गांव धीरपुर निवासी रिटायर फौजी रामौतार कठेरिया ने पांच जनवरी को फतेहगढ़ स्थित मिलेट्री अस्पताल में पत्नी सुखरानी देवी (65) के फोड़े का ऑपरेशन कराया था। वह शुक्रवार दोपहर मोपेड से पत्नी को लेकर ड्रेसिंग कराने आ रहे थे। बरेली-इटावा हाईवे पर पपियापुर गांव के पास पहुंचे, तभी मोहम्मदाबाद की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे सुखरानी सड़क पर गिर पड़ीं और ट्रक उनके ऊपर चढ़ गया।
हादसे के बाद चालक ट्रक भगा ले गया। हादसे से गुस्साए लोगों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। इससे वाहनों की कतारें लग गईं। कुछ ही देर में पहुंची सेंट्रल जेल चौकी पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, मगर वह नहीं माने। तभी उधर से गुजर रहे भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह मौके पर पहुंच गए। उन्होंने परिजनों को समझाया। पुलिस ने ट्रक कब्जे में लेने की जानकारी दी तो जाम खोल दिया गया।
पुलिस वृद्धा को लेकर लोहिया अस्पताल पहुंची। वहां डॉ. मनोज पांडेय ने उनको मृत घोषित कर दिया। रामौतार ने बताया, उनके दो बेेटे राजेश और शिवराज हैं। दोनों ही बाहर रहते हैं। एक बेटे की पत्नी गांव में है। तीन बेटियां निर्मला, गुड्डी और रेखा का विवाह हो चुका है। सूचना मिलने पर कई रिश्तेदार पहुंच गए।