नवाबगंज (फर्रुखाबाद)। महिला का शव शनिवार शाम को घर के अंदर कमरे में फंदे से लटका मिला।
थाना क्षेत्र के गांव बघौना निवासी स्व. ब्रजनंदन की 35 वर्षीय पत्नी रिंकी यादव का शव शनिवार शाम को घर के कमरे में फंदे पर लटका मिला। उसकी पुत्री अंकिता व पुत्र अनमोल दरवाजे पर खेल रहे थे। जब वह घर के अंदर पहुंचे तो मां को फंदे पर लटका देखा। बच्चों ने पास के मकान में रह रहे बाबा दलवीर सिंह को जानकारी दी।
दलवीर सिंह ने घटना की सूचना पुलिस को दी। उन्होंने बताया कि दो वर्ष पहले पुत्र ब्रजनंदन की मौत हो गई थी। उसके बाद से बहू बच्चों के साथ दूसरे मकान में रहने लगी। बहू के मायके थाना कमालगंज के गांव खूंटादेव में भी सूचना दे दी गई है।
उन्होंने बताया कि पुत्र की मौत के बाद से रिंकी परेशान रहती थी। एसओ पूनम जादौन ने बताया कि रिंकी ने आत्महत्या की है। कारण के बारे में परिजनों से जानकारी की जा रही है।
जहर खाने से किशोरी की मौत
कंपिल थाना क्षेत्र के गांव अलियापुर निवासी चंद्रपाल की 17 वर्षीय पुत्री स्वाती ने जहर खा लिया। परिजन उसे सीएचसी लेकर पहुंचे। वहां से उसे लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। किशोरी को ले जाने से पहले उसने सीएचसी में ही दम तोड़ दिया। परिजन शव लेकर घर चले गए। चिकित्साधिकारी डॉ. विपिन कुमार ने बताया कि मामले में कोतवाली में मेमो भेजकर सूचना दी गई है। वहां मेमो लेने से इनकार कर दिया।