फर्रुखाबाद। शहर में बढ़ते संक्रमण के चलते शुक्रवार को सिटी मजिस्ट्रेट ने मोहल्लों में जाकर कंटेनमेंट जोन का निरीक्षण किया। कई स्थानों पर बल्लियां टूटी मिलने से पुलिस की लापरवाही सामने आई। उन्होंने अपने सामने बल्लियां बंधवाने के साथ जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी है।
शहर के मदारवाड़ी स्थित कंटेनमेंट जोन पपल वाली गली का सिटी मजिस्ट्रेट अशोक कुमार मौर्य ने निरीक्षण किया। वहां बल्लियां उखड़ी मिलीं। मोहल्ला घेर शामू खां व मोहल्ला गंगानगर में सिटी मजिस्ट्रेट ने पालिका कर्मियों से अपने सामने बल्लियां लगवाकर गली सील कराईं। बजरिया हरलाल स्थित कंटेनमेंट जोन के हालात देखे। आवास विकास कालोनी में बने कंटेनमेंट जोन में लोगों ने बल्लियां उखाड़कर गायब कर दीं। इसके बावजूद पुलिस अनजान बनी बैठी रही। सिटी मजिस्ट्रेट ने रिपोर्ट में आवास विकास चौकी प्रभारी द्वारा कंटेनमेंट जोन में नियमों का पालन कराने में रुचि न लेने का उल्लेख भी किया है।