राजेपुर (फर्रुखाबाद)। कानपुर से संभल अमरूद लेकर जा रही पिकअप बुधवार रात बाढ़ के पानी में बहकर तालाब में जा गिरी। ग्रामीणों ने चालक व व्यापारी को सकुशल बाहर निकाल लिया। गुरुवार को पुलिस ने क्रेन मंगवाकर पिकअप को बाहर निकलवाया।
बदायूं के थाना अलापुर गांव कछवाला निवासी फल व्यापारी शाह आलम, चालक सलमान पिकअप में अमरूद लादकर कानपुर से संभल जा रहे थे। जब वह राजेपुर थाना क्षेत्र के गांव चित्रकूट के सामने पहुंचे तो सड़क पर बाढ़ का पानी बह रहा था। चालक सलमान ने बाढ़ के पानी से पिकअप निकालने का प्रयास किया। तेज बहाव के
कारण पिकअप पानी में बहकर पास के तालाब में जा गिरी। इस पर चालक व व्यापारी ने शोर मचाया। गांव के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को सुरक्षित तालाब से बाहर निकाल लिया। एसओ जयंती प्रसाद गंगवार ने बताया कि चालक व व्यापारी को सकुशल बचा लिया गया है। व्यापारी के अमरूद तालाब में गिरकर खराब हो गए।