सीजेएम ने निजी मेडिकल कॉलेज के संचालक डॉ. अनार सिंह यादव के खिलाफ रिपोर्ट लिखने का आदेश फतेहगढ़ कोतवाल को दिया है। उन पर कॉलेज 1783955 रुपये हड़पने का आरोप लगाया गया है।
मोहम्मदाबाद कोतवाली के गांव दहेलिया निवासी सलीम खां ने फतेहगढ़ फूसबंगला निवासी डॉ. अनार सिंह यादव पुत्र बाबू सिंह यादव के खिलाफ अदालत में याचिका दायर की थी। इसमें कहा गया कि मेजर एसडी सिंह मेडिकल कालेज (एमबीबीएस) बैकुंठपुरी बेवर रोड बघार के स्वामी अनार सिंह ने मेडिकल कालेज के भवन निर्माण की जिम्मेदारी उसको दी थी। भवन निर्माण में करीब 56 लाख 28 हजार 520 रुपये का खर्चा आया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि डॉ. अनार सिंह ने 38 लाख, 44 हजार 565 रुपये भुगतान किया। बकाया 17 लाख 83 हजार 955 रुपये बाद में देने की बात कहीं। उसने कई बार बकाया रुपये मांगे तो वह टाल मटोल करते रहे। इस कारण पांच बीघा खेत गिरवी रखकर उसने मजदूरों का भुगतान किया।
3 अप्रैल 2017 की शाम करीब पांच बजे रुपये मांगने उनके घर पर गया तो उन्होंने रुपये देने से इनकार कर दिया और बेइज्जत कर घर से भगा दिया। इस तरह आरोपी ने उसका रुपया हड़प लिया है। इस मामले में अधिवक्ताओं की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए।