फर्रुखाबाद। राज्य सड़क परिवहन निगम की बिना परमीशन के बस अड्डे पर बन रही पुलिस चौकी को रोकने के आदेश दिए गए हैं। क्षेत्रीय प्रबंधक (आरएम) के आदेश के अनुपालन में स्थगनादेश लेने की बजाय एआरएम ने थानाध्यक्ष को ही पत्र लिख दिया। इससे आरएम के आदेशों की अवहेलना हो रही है।
रोडवेज बस अड्डे पर कादरीगेट थाने की पुलिस चौकी का निर्माण चल रहा है। इस भवन निर्माण की निगम से स्वीकृति नहीं ली गई। पिछले दिनों बस अड्डे पर आए आरएम उमेश चंद्र आर्य ने भवन निर्माण होता देखा तो जानकारी की। पता चला कि इसकी परमीशन नहीं ली गई। आरएम ने दो दिन पूर्व एआरएम को पत्र लिखा। इसमें कहा कि पुलिस चौकी भवन निर्माण की निगम मुख्यालय लखनऊ से परमीशन नहीं ली गई है। लिहाजा मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत से स्थगनादेश प्राप्त कर भवन निर्माण रुकवाने और अग्रिम कार्रवाई से अवगत कराएं।
एआरएम ने आरएम का पत्र मिलते ही उसका सही से अध्ययन किए बिना ही थानाध्यक्ष कादरीगेट के लिए एक पत्र लिखवाकर रिसीव करवा दिया। इसमें कहा गया कि आरएम के निर्देशानुसार पुलिस चौकी का निर्माण कराना रोका जाए। बता दें कि आरएम के आदेश पर पुलिस को पत्र लिखने की बात नहीं थी। उन्होंने कोर्ट से स्थगनादेश लेने के लिए लिखा था, मगर एआरएम ने थानाध्यक्ष को पत्र लिख दिया। एआरएम राजेश कुमार ने बताया कि आरएम का पत्र मिला था। नोटिस बतौर थानाध्यक्ष को पत्र भेजा गया। अन्य निर्देशों का पालन किया जाएगा।