फर्रुखबाद। धोखाधड़ी कर जमीन का बैनामा कराने के मामले में कोर्ट ने शमसाबाद एसओ को कायमगंज के तहसीलदार व रजिस्ट्रार सहित पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
शमसाबाद थाना क्षेत्र के मोहल्ला बाजार कला निवासी नूर बानो ने सीजेएम कोर्ट में कायमगंज के तत्कालीन तहसीलदार, रजिस्ट्रार,गांव समेचीपुर तराई निवासी किशुना देवी, सर्वेश, गांव हरसिंहपुर तराई निवासी जाहिद अली के खिलाफ याचिका दायर की। इसमें बताया कि पति राहत अली के नाम पर गांव में जमीन है। 20 जनवरी 1997 को पति की मृत्यु हो गई। इन सभी लोगों ने पति की जगह पर दूसरे व्यक्ति को राहत अली बनाकर 19 दिसंबर 2009 को किशुना देवी के नाम पर जमीन का बैनामा करा दिया।
दाखिल-खारिज करवाने के बाद इन लोगों ने खतौनी में किशुना देवी का नाम दर्ज करवा दिया। 7 जून को यह लोग खेत में फसल की बुआई करने आए तब पूरे मामले की जानकारी हुई। विरोध करने पर गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में थाना सहित एसपी को प्रार्थना पत्र देने के बाद भी सुनवाई नहीं हुई। (संवाद)