फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के कर्मचारियों ने समस्याओं के निराकरण के लिए कलक्ट्रेट परिसर में शनिवार को धरना प्रदर्शन किया। नगर मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा।
संघ के अध्यक्ष गौरव कुमार ने दिए ज्ञापन में कहा कि कर्मचारियों का रिजवी कमेटी की संस्तुति के आधार पर ग्रेड-पे पद के अनुरूप पे-बैंड का निर्धारण करना चाहिए। नियमितीकरण के साथ ही प्रत्येक वर्ष नवीनीकरण की प्रक्रिया से कर्मियों को मुक्त किया जाए। दस लाख तक का दुर्घटना बीमा, पीएफ की सुविधा के साथ सामान्य वेतन देते हुए मानदेय की विसंगतियों को दूर किया जाए।
अध्यक्ष ने कहा कि 12 मार्च तक उनकी मांगों पर अमल न किया गया तो प्रदेश के 75 हजार कर्मचारी धरना प्रदर्शन व हड़ताल करने के लिए मजबूर होंगे। इस दौरान डा. पुनीत पांडेय, ज्योति सिंह, हृदेश कुमारी, भानुप्रताप सिंह, नागेेंद्रपाल सिंह, अनुराधा, पूनम, सपना, नीलम, रचना सिंह, आदि रहे।