फर्रुखाबाद। कोर्ट के आदेश पर रिमांड पर लिए गए दो आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने दो अंगूठी व दो जोड़ी टॉप्स बरामद कर लिए हैं। ऐसे में 50 लाख की लूट में पीड़ित के हाथ कुछ भी नहीं लगने वाला है।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सिविल लाइन बरगदियाघाट निवासी काश्तकार संदीप बरतरिया के घर में घुसे बदमाश 20 जनवरी को 50 लाख के जेवर व नकदी लेकर भाग गए थे। संदीप ने राजू उर्फ राजकुमार सहित कई अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। विवेचना में राजू उर्फ राजकुमार, प्रेमपाल व कमल का नाम प्रकाश में आया।
आरोपी प्रेमपाल व राजू उर्फ राजकुमार पुलिस को चकमा देकर दूसरे मुकदमे में जमानत कटवाकर कोर्ट में हाजिर होकर जेल चले गए थे। कोर्ट ने 12 घंटे की रिमांड मंजूर कर ली। गुरुवार को पूछताछ के बाद पुलिस ने लूटे गए जेवरात में दो अंगूठी व दो जोड़ी टॉप्स बरामद कर लिए।