धर्मस्थल में एक बार में पांच लोगों को ही प्रवेश
फर्रुखाबाद। कोरोना के चलते 30 जून तक लागू लॉकडाउन 5 के बीच सोमवार से धार्मिक स्थल खुल जाएंगे। मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा या चर्च में एक साथ पांच से अधिक लोग प्रवेश नहीं कर सकेंगे। गेट पर हाथ धोने व सैनिटाइजेशन की व्यवस्था के साथ धर्मगुुरुओं को आने वाले लोगों का तापमान लेने को थर्मल स्क्रीनिंग करानी होगी। वहीं बीमार व्यक्ति को धार्मिक स्थल में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह व पुलिस अधीक्षक डा.अनिल मिश्र ने कलक्ट्रेट सभागार में प्रेस को बताया कि 30 जून तक जारी लॉकडाउन में सोशल डिस्टेंसिंग व फेस मास्क का प्रयोग न करने वालों पर जुर्माना किया जाएगा। आठ जून से धार्मिक स्थल खोले जाएंगे।
यहां प्रवेश से पहले लोगों को जूते-चप्पल अपने वाहन में या बाहर ही छोड़ने होंगे। प्रवेश व निकास द्वार अलग-अलग रहेंगे। पूजा या इबादत के लिए अपनी दरी या मैट का ही प्रयोग करने की हिदायत दी। बताया कि मूर्ति स्पर्श करने, प्रसाद बांटने व जल छिड़कने पर रोक रहेगी। परिसर में कोरोना संक्रमण पाए जाने पर धर्मस्थल 48 घंटे के लिए बंद कर दिया जाएगा।
शॉपिंग स्टोर पर नहीं रहेंगे वृद्ध कर्मचारी
सोमवार से शॉपिंग स्टोर व रेस्टोरेंट भी खोले जाएंगे। इनमें सीसीटीवी कैमरे चालू रखने के साथ वृद्ध कर्मचारियों को ड्यूटी पर नहीं रखा जाएगा। 24 डिग्री से कम तापमान पर एसी नहीं चलेगा। सभी कर्मचारी मास्क लगाने के साथ आने वाले ग्राहकों को भी बिना मास्क के प्रवेश नहीं देंगे।
गेट पर सैनिटाइजेशन व अंदर सोशल डिस्टेंसिंग रखनी होगी। क्षमता से 50 फीसदी ही ग्राहकों के प्रवेश की अनुमति दी गई है। एक व्यक्ति के हटने के बाद कुर्सी-मेज का सैनिटाइजेशन किया जाएगा। भुगतान की प्रक्रिया कैशलेस रखने पर जोर दिया।
शहर में एक तरफ की ही खुलेंगी दुकानें
जिलाधिकारी ने कहा कि घनी आबादी व संकरे रास्ते वाले बाजार एक तरफ के ही खोले जाएंगे। दुकानदारों व ग्राहकों के बिना मास्क लगाए मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। फतेहगढ़ की चूड़ी वाली गली बाजार में भीड़ लगने की जानकारी पर सिटी मजिस्ट्रेट को जांच कर कार्रवाई करने के आदेश दिए।
एल-1 अस्पताल के ठेकेदार से बिना टेंडर लिया जा रहा काम
एल-1 अस्पताल सीएचसी बरौन में रखे जा रहे कोरोना संक्रमित मरीजों को घटिया भोजन देने के वीडियो वायरल होने के सवाल पर जिलाधिकारी ने कहा कि ठेकेदार मरीजों को भोजन ठीक दे रहा है। अब मेन्यू के अनुसार भोजन के साथ दूूध, फल आदि भी देने के निर्देश दिए गए हैं। 30 मई को ठेकेेदार पर एफआईआर के आदेश के सवाल पर उन्होंने आदेश वापस लेने की बात कही।
ठेकेदार का अब तक टेंडर न होने के संबंध में बताया कि इमरजेंसी में काम लिया जा रहा है। मरीजों को भोजन देना प्राथमिकता है। वहीं ठेकेदार गिरजेश सिंह ने बताया कि मौखिक रूप से 90 रुपये में प्रति मरीज खाना देने की बात अधिकारियों ने कही है। इसमें भी जीएसटी काटकर 83 रुपये ही भुगतान मिलना है। इतने में दूध, फल, सलाद, ब्रेड, मक्खन, दलिया, दही व दोनों वक्त का भोजन देना है।
कोरोना संदिग्ध 1919 मरीजों के हो चुके नमूने
जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में अब तक 1919 संदिग्ध मरीजों के सैंपल लिए गए हैं। इनमें कुल 51 कोरोना संक्रमित पाए गए। 23 मरीज ठीक हो चुके हैं। अभी 28 केस एक्टिव हैं जबकि 294 नमूनों की अभी जांच रिपोर्ट आनी है। कोरोना संक्रमण से बचने के लिए मास्क और दो मीटर की सोशल डिस्टेंसिंग का पालन जरूरी है।