फर्रुखाबाद/कमालगंज। दो वर्षीय डिप्लोमा आफ एलीमेंट्री एजुकेशन (डीएलएड) में प्रवेश के लिए सोमवार से ऑनलाइन पंजीकरण आरंभ होंगे। जिले के 32 कॉलेजों में 2900 सीटें हैं। हालांकि कई कालेजों में 2024 बैच में सीटें खाली रह गईं थीं।
पूर्व में बेसिक ट्रेनिंग सर्टिफिकेट (बीटीसी )के नाम वाला प्राथमिक शिक्षक पद का प्रशिक्षण 2017 से डीएलएड के नाम से होने लगा। इस समय 32 कॉलेजों में 2900 सीटें हैं। 2024 के बैच में दो साल की 82 हजार रुपये निर्धारित फीस के बजाय सीटें भरने के लिए ज्यादातर कॉलेजों ने फीस घटा दी। 40 हजार से 60 हजार रुपये फीस में दाखिले हुए। फिर भी करीब 300 सीटें खाली रह गईं थीं।
अब डीएलएड बैच 2025 में प्रवेश के लिए 24 नवंबर (आज) से ऑनलाइन पंजीकरण होने लगेंगे। 15 दिसंबर तक पंजीकरण चलेंगें। ऑनलाइन आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 16 दिसंबर रखी गई है। पूर्ण आवेदन की प्रिंटआउट 18 दिसंबर तक ली जा सकेगी। ऑनलाइन आवेदन में त्रुटि होने पर संशोधन का कोई अवसर अभ्यर्थियों को नहीं मिलेगा। दो वर्षीय डीएलएड प्रशिक्षण पाठ्यक्रम में चार सेमेस्टर शामिल हैं।