पुलिस हिरासत में लूट का आरोपी विपिन।
- फोटो : FARRUKHABAD
पर्स लेकर भाग रहे बदमाशों में एक को दबोचा
मोहम्मदाबाद(फर्रुखाबाद)। रोडवेज बस से जा रहे सेवानिवृत्त सैनिक की जेब से पर्स निकालकर भाग रहे बदमाश को लोगों ने पीछा कर दबोच लिया। लेकिन उसके पास पर्स नहीं मिला। उसके दो साथी बाइक से भाग गए। पर्स मेें 35 हजार रुपये थे। पकड़े गए युवक से पूछताछ के बाद पुलिस उसके साथियों की तलाश कर रही है।
फतेहगढ़ कोतवाली के गांव बिजाधरपुर निवासी रिटायर्ड सैनिक देवेश कुमार राठौर शुक्रवार को मैनपुरी के बेवर स्थित रोडवेज बस अड्डे से इटावा डिपो की बस में बैठकर अपने घर आ रहे थे। उनकी ऊपर की जेब में रखे पर्स में 35 हजार रुपये थे। लगभग दो बजे धीरपुर चौराहे के पास बस धीमी हुई। तभी बस में सवार एक युवक ने देवेश की जेब से पर्स निकाला और कूदकर उतर गया। पीछे से उसके दो साथी बाइक से आ रहे थे।
युवक उसी बाइक पर बैठकर बेवर की भागने लगा। स्थानीय दुकानदारों व राहगीरों ने बदमाशों का पीछा किया। मदनपुर चौकी समेत काली नदी बैरियर पर सूचना दे दी गई। खुद को घिरता हुआ देख लुटेरों ने बाइक गांव नगला स्वामी की ओर मोड़ दी। दुकानदारों ने बाइक में पीछे बैठे बदमाश को पकड़ने के लिए हाथ बढ़ाकर उसको खींचा तो वह बाइक से गिर पड़ा। लोगों ने उसे पकड़ लिया, जबकि दो अन्य भाग गए।
पुलिस ने युवक से पूछताछ की तो उसने जनपद कन्नौज थाना व कस्बा तिर्वा निवासी विपिन कुमार नाम बताया। उसके पास से लूटा गया पर्स नहीं मिला। पुलिस उनकी तलाश में जुट गई। कोतवाल राकेश कुमार ने बताया कि तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा।