चोरी में पकड़ा गया आरोपी। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद शहर के चौक पर दुकान से हुई ढाई लाख की चोरी में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर आठ हजार की नगदी बरामद कर ली है। दूसरा आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर है। आरोपी पहले भी कई घटनाओं में लिप्त रह चुके हैं। जितने रुपये दुकानदार ने चोरी होने की बात कही थी, उतने की चोरी नहीं पाई गई। दुकानदार का रिश्तेदार दुकान बंद होने से पहले दो झोलों में नोटों की माला लेकर चला गया था।
शहर कोतवाली के मोहल्ला पल्ला जटवारा निवासी ज्ञानेंद्र शुक्ला की चौक पर दूल्हे की पगड़ी व नोटों की माला की दुकान है। वह कटे फटे नोट बदलने का काम भी करते हैं। 13 अगस्त की रात दुकान का ताला तोड़कर चोर ढाई लाख रुपये चुरा ले गए। चौक पर 24 घंटे पुलिस की ड्यूटी रहती है। इसके बाद भी चोरी हो जाने से पुलिस के इकबाल पर सवाल खड़े होने लगे थे।
एसपी डॉ. अनिल मिश्रा ने चोरी के खुलासे के लिए एसओजी प्रभारी दिनेश गौतम व कोतवाल वेद प्रकाश पांडेय को लगाया था। पुलिस ने मोहल्ला गुदड़ी जानवरान चौक खोया मंडी निवासी अनुभव शुुक्ला को पकड़ लिया। पुुलिस ने अनुभव की निशानदेही पर नोटों की माला के आठ हजार रुपये बरामद कर लिए हैं।
शमसाबाद कस्बा निवासी अनुभव का साथी भारत पुलिस की दबिश की भनक लगते ही फरार हो गया था। जांच में यह भी पता चला कि दुकानदार का रिश्तेदार 13 अगस्त को दुकान बंद करने से पहले दो झोलों में नोटों की कुछ मालाएं रखकर घर ले गया था। कोतवाल वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि अनुभव को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके साथी भारत की तलाश की जा रही है।