फर्रूखाबाद जिले के शमसाबाद में शादी का झांसा देकर युवती के साथ छह वर्ष तक दुष्कर्म किया गया। विरोध करने पर युवती व उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी भी दी गई। युवती ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई करने का भरोसा दिया है। कस्बा के एक मोहल्ला निवासी युवती ने थाने में तहरीर में कहा कि पिता की सात वर्ष पहले मौत हो गई।
भाई बाहर प्राइवेट नौकरी करता है। युवती अपनी बहन के साथ घर में जरदोजी का काम करती है। मोहल्ला काजी टोला निवासी युवक घर पर जरदोजी का काम करने आने लगा। युवक ने युवती को शादी का झांसा दिया और उसके साथ संबंध बना लिए। छह वर्ष तक युवक शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करता रहा।
इस दौरान युवक ने युवती से कई बार में 25 हजार रुपये भी उधार ले लिए। कुछ दिन पहले युवती को जानकारी हुई कि युवक कहीं और शादी करने जा रहा है। इस पर युवती ने उससे शादी करने का दबाव बनाया। युवक व उसके भाई ने तमंचा दिखाकर युवती व उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी दी। एसओ मनोज भाटी ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।