कायमगंज। बिजली विभाग के एसडीओ की आईडी से 600 बिलों में हेराफेरी करने के मामले में पुलिस ने कंप्यूटर ऑपरेटर सहित दो आउटसोर्स कर्मियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया। एसडीओ ने दो दिन पहले तहरीर दी थी।
कायमगंज खंड के नगरीय उपखंड में 600 बिलों में संशोधन कर करीब 80 लाख रुपये का गोलमाल कर दिया गया। जानकारी पर एसडीओ विकास नाथ तिवारी ने नगर के 15000 बिलों की जांच की तो 600 बिलों में संशोधन कर करीब 80 लाख रुपये घटाए गए थे। उन्होंने यह धनराशि फिर उपभोक्ताओं के बिलों में जोड़ दी।
एसडीओ ने जांच की तो उनकी आईडी इस्तेमाल करने वाले कंप्यूटर ऑपरेटर मोहित शर्मा और मीटर रीडर सुपरवाइजर नितिन बजाज का खेल पकड़ लिया।
इस पर एसडीओ विकास नाथ तिवारी की तहरीर पर पुलिस ने रेलवे रोड निवासी कंप्यूटर ऑपरेटर मोहित शर्मा व मीटर रीडर सुपरवाइजर नितिन बजाज निवासी साईंधाम कालोनी के खिलाफ धोखाधड़ी व आपराधिक विश्वासघात करने के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।