संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखाबाद। शहर के अतिव्यस्त रोडवेज बस अड्डा के सामने ठेली खोमचे वालों ने स्थाई अतिक्रमण कर लिया है। यातायात के सीओ की अगुवाई में कादरीगेट थाना पुलिस ने अभियान चलाकर सभी ठेली खोमचे वालों को दौड़ाकर स्थान खाली करवा दिया।
कलक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में एआरएम अरविंद कुमार मिश्र ने बस अड्डा के सामने फुटपाथ पर अतिक्रमण का मामला उठाया। कहा कि बसों के आवागमन में काफी दिक्कत होती है। कई बार हादसे भी होने से टल चुके हैं। ऐसे में वहां से अतिक्रमण हटाया जाना बेहद आवश्यक है।
डीएम डॉ. वीके सिंह ने यातायात विभाग को तलब कर फटकार लगाई। दोपहर करीब एक बजे सीओ यातायात जय सिंह, टीएसआई रजनीश कुमार, कादरीगेट थाना पुलिस ने पहुंचकर ठेली खोमचे वालों को डंडा फटकार कर भगा दिया।
अतिक्रमण हटवाने के बाद जैसे ही सीओ फतेहगढ़ की ओर गए, कुछ ही देर बाद पूर्व गेट की तरफ सबसे पहले दो महिलाओं ने ठेलियां लगा लीं। इसके बाद एक-एक कर शाम पांच बजे तक सभी ठेली-खोमचे फिर से अपने स्थान पर लग गए। बस अड्डा प्रबंधक जितेंद्र सिंह ने भी ठेली वालों को हटाने का नाकाम प्रयास किया।