फर्रुखाबाद। मां-बेटे को बंधक बनाने के बाद कोर्ट मैरिज कराने के बहाने एक वृद्धा की जमीन का बैनामा करवा लिया गया। पीड़िता डीएम के यहां शिकायत करने पहुंची, तो बेहोश हो गई। उसे सिटी मजिस्ट्रेट और सीएमओ ने लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया।
नवाबगंज के गांव रायपुरा निवासी उर्मिला (75) डीएम के यहां फरियाद करने पहुंची थीं। दोपहर में अचानक बेहोश होकर गिर गईं। डीएम के निर्देश पर सिटी मजिस्ट्रेट संजय कुमार बंसल, सीएमओ डॉ. अवनींद्र कुमार ने वृद्धा को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। हालत में सुधार होने पर उसने बताया कि उनके पांच बेटों में एक की मौत हो गई। वह छोटे बेटे के साथ रहती हैं। उसकी पत्नी का भी निधन हो गया।
लिहाजा बेटे के लिए वह खुद खाना बनाती हैं। घर पर गांव का ही एक ग्रामीण आया। उसने बेटे की शादी कराने की बात कही। वह बहाने से बेटे और उन्हें मैनपुरी ले गया। वहां करीब एक माह तक बंधक बनाकर रखा गया। इसके बाद बेटे की कोर्ट मैरिज कराने के बहाने से उसकी जमीन का बैनामा करवा लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।