बैंक से रुपये निकालकर जा रहे वृद्ध ग्रामीण के हाथ से बाइक सवार लुटेरों ने थैला छीनने का प्रयास किया। वृद्ध ने थैला नहीं छोड़ा। वह थैले के साथ घिसटता चला गया। इससे वह घायल हो गया। यह देख आसपास के दुकानदारों ने बाइक सवारों का पीछा किया, पर वे बच निकले।
क्षेत्र के गांव गंधिया निवासी वृद्ध रामलाल ने बैंक ऑफ इंडिया की शाखा से 15 हजार रुपये निकाले। रुपये थैले में रख वह ट्रांसपोर्ट चौराहे की ओर जा रहे थे। शिवाजी की मूर्ति के पास पीछे से आए बाइक सवार दो लुटेरे उनके हाथ से थैला छीनने लगे। रामलाल ने थैला कसकर पकड़ रखा था। इससे लुटेरे कामयाब नहीं हुए।
छीना झपटी में रामलाल लुटेरों की बाइक के साथ सड़क पर घिसटने लगे। खुद को असफल होते देख लुटेरे भाग निकले। आसपास खड़े लोगों ने लुटेरों का पीछा किया, पर लुटेरे बाईपास की ओर भाग निकले। लोगों ने वृद्ध का एक निजी डाक्टर के क्लीनिक पर इलाज कराया।