फर्रुखाबाद। सिंगल स्टेप डिलीवरी के तहत एफसीआई गोदाम से कोटेदारों के यहां राशन पहुंचाने वाले ट्रक रास्ते से ही गायब हो गए।
कोटेदारों के यहां जब राशन नहीं पहुंचा तो उन्होंने जिलापूर्ति कार्यालय शिकायत की। विभागीय सूत्रों ने बताया कि जांच के दौरान ट्रक भी गायब पाए गए। हालांकि, विभागीय अधिकारी यह कहकर पल्ला झाड़ रहे हैं कि परिवहन ठेकेदार ने कोटेदारों के यहां राशन न पहुंचाकर सातनपुर मंडी में ट्रकों को खड़ा कर राशन का वितरण किया। यह सरासर नियमों का उल्लंघन है।
सिंगल स्टेप डिलीवरी के तहत एफसीआई गोदाम से कोटेदारों के यहां सरकारी राशन पहुंचाए जाने का नियम है। इसके लिए ठेका भी दिया गया है। सूत्रों के मुताबिक शहर व ग्रामीण क्षेत्र के कई कोटेदारों के यहां राशन नहीं पहुंचा तो उन्होंने इसकी शिकायत की। कोटेदारों ने दबी जुबान से बताया कि सातनपुर मंडी में जनपद के कोटेदारों के लिए राशन बांटने को राशन लदे चार ट्रक ही खड़े थे, जबकि दस ट्रक होने चाहिए। इस संबंध में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी अनिल यादव ने बताया कि कोटेदारों ने राशन न पहुंचाने की शिकायत की थी। सातनपुर मंडी से परिवहन ठेकेदार द्वारा राशन बांटे जाने की जानकारी पर पहुंचे, लेकिन ठेकेदार नहीं मिले। मौके पर चार ट्रक खड़े थे। ठेकेदार प्रतिनिधि को निर्देश दिए कि कोटेदारों की दुकान तक गल्ला पहुंचाएं।
जिलापूर्ति अधिकारी सुरेंद्र यादव ने बताया कि परिवहन ठेकेदार कोटेदारों के यहां गल्ला न भेजकर सातनपुर मंडी में बांट रहे थे। राशन गायब नहीं हुआ है। एडीएम सुभाषचंद्र प्रजापति ने बताया कि सरकारी गल्ला गायब होने की शिकायत मिली है। मामले को दिखवाया जा रहा है।