फर्रुखाबाद। रिवैंप व आरडीडीएस योजना के तहत जनपद में किए जा रहे बिजली कार्यों के निरीक्षण के लिए शक्ति भवन लखनऊ से आई टीम ने डेरा डाल लिया है। टीम ने गुरुवार को कमालगंज विकास खंड क्षेत्र के गांव कीता नगला में हो रहे बिजली कार्यों को देखा।
जनपद में रिवैंप व आरडीडीएस योजना से विद्युतीकरण के कार्य कराए जा रहे हैं। कहीं जर्जर लाइन बदली जा रही है तो कहीं बिजली खंभों को बदलवाया जा रहा है। गुरुवार को शक्ति भवन लखनऊ से आए अधीक्षण अभियंता एसके चौरसिया व अधिशासी अभियंता केके सागर ने गांव कीता नगला में चल रहे बिजली कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने लगाए जा रहे बिजली खंभों की गुणवत्ता देखी। खंभे लगाए जाने के लिए कराए जा रहे गड्ढों की गहराई नापी। कुछ पोल अधिकारियों ने अपने सामने गड्ढे खोदवाकर लगवाए। इसके साथ ही दोनों अधिकारियों ने बदलवाए गए बंच केबल भी देखे। उन्होंने ठेकेदारों को गुणवत्तापूर्ण कार्य कराने के निर्देश दिए। टीम अभी दो-तीन दिन रुककर बिजली कार्यों का निरीक्षण करेगी। शक्ति भवन लखनऊ से आए एसई एसके चौरसिया ने बताया कि दो-तीन रुककर रिवैंप व आरडीडीएस योजना के तहत कराए जा रहे बिजली कार्यों को देखेंगे। जांच रिपोर्ट वह उच्चाधिकारियों को देंगे।