फर्रुखाबाद। बारिश के दौरान भी छठ पूजा को लेकर लोगों में उत्साह दिखाई दिया। व्रती महिलाओं ने विधि-विधान से पांचाल घाट पहुंचकर पूजन किया।
शाम को बारिश होने के चलते सूर्यास्त का समय देख श्रद्धालुओं ने गंगा जी में खड़े होकर अस्ताचल (डूबते सूरज) सूर्य को अर्घ्य दिया। कई लोगों ने छाता लगाकर पूजन-अर्चन किया।
छठ पूजन को लेकर सोमवार को दोपहर बाद से ही श्रद्धालुओं का पांचाल घाट पर सीढ़ी नंबर एक गंगा तटों पर पहुंचना शुरू हो गया। सुबह से ही मौसम बिगड़ गया था, लेकिन श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं था।
रंग-बिरंगी झालरों व गुब्बारे आदि से सजे गंगा तटों पर सूर्यास्त के समय महिलाओं ने सूप में फल मिठाइयां, पुआ, पूड़ी, पकवान, गन्ना, सिंघाड़ा, कद्दू, भात (चावल) आदि रखकर उसके ऊपर दीपक रखा।
बारिश के चलते श्रद्धालुओं ने सूर्यास्त के समय सायं 5.34 बजे गंगा में खड़े होकर अस्त होते सूर्य को अर्घ्य दिया। व्रती महिलाओं ने अपनी संतानों और परिवार के लिए सुख समृद्धि की कामना की। पूजन के बाद युवाओं में सेल्फी लेने की होड़ रही। लोगों ने आतिशबाजी भी छुड़ाई।
पूर्वांचल विकास समिति के अध्यक्ष केदार शाह ने बताया कि मंगलवार को उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय छठ पूजन का समापन हो जाएगा। पूजन के दौरान गंगा तटों पर पुलिसबल भी तैनात रहा। गहरे पानी वाले स्थानों पर सावधानी के लिए रस्सी लगाई गई थी
इस अवसर पर मुख्य संयोजक शमीम अहमद, सचिव अजीत कुमार भट्ट, उपाध्यक्ष एनडी प्रसाद, डॉ. रजनी सरीन, सचिन मिश्रा, टोनी मिश्रा, मोनी मिश्रा, प्रमोद झा, रामबाबू, हरेंद्र दुबे और राजेश कुमार आदि मौजूद रहे।