संवाद न्यूज एजेंसी
राजेपुर। सीएचसी के आसपास चल रहे झोलाछाप क्लीनिकों पर मेडिकल ऑफिसर इन चार्ज (एमओआईसी) ने छापा मारा। उन्होंने दो क्लीनिक सील कर दिए जबकि 10 झोलाछापों को नोटिस जारी किया है।
सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ.आरिफ सिद्दीकी ने बताया कि आईजीआरएस पर की गई शिकायत के क्रम में सीएमओ ने झोलाछापों की जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए थे। जांच के दौरान राजेपुर में स्थित प्राची क्लीनिक व कुसुम पाॅली क्लीनिक संचालित मिलने पर उसे सील कर दिया जबकि कुलदीप हास्पिटल, वेदांता हेल्थ केयर सेंटर, उदय मेडिकल स्टोर, वैष्णो पॉलीक्लिनिक, मुकेश कुमार भारद्वाज क्लीनिक, नीलकंठ क्लीनिक, बीएसएसडी पॉलीक्लीनिक, सौरभ मेडिकल स्टोर व क्लीनिक के संचालकों के अलावा गांव अलीगढ़ में डॉ.अफजल खान क्लीनिक, डॉ.विलाल क्लीनिक को नोटिस दिया गया है।
जांच के दौरान पंजीकरण, चिकित्सीय प्रमाणपत्र नहीं दिखाए गए। छापा के दौरान फार्मासिस्ट आलोक कटियार मौजूद रहे। नोडल अधिकारी एसीएमओ डॉ.रंजन गौतम ने बताया कि झोलाछापों के क्लीनिक पर जांच की जानकारी उन्हें नहीं दी गई।